SKIP TO MAIN CONTENT

अब बीजेपी देख रही है 2019 में और बड़ी जीत का सपना

यूपी और अन्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी के शानदार परफॉर्मेंस को मोदी के नोटबंदी के फैसले के प्रति लोगों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है.

Narendra Modi
Indian Prime Minister Narendra Modi is garlanded during a reception at the Bharatiya Janata Party hq after partys landslide victories in elections Source: AP

3 min read

Published

By विवेक आसरी


Skip to article content

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भारी-भरकम जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी की 2019 के आम चुनाव में 2014 से भी बड़ी जीत की उम्मीदें बढ़ गई हैं. अपनी जीत पर ताल ठोकते बीजेपी नेता इस उम्मीद को अब खुलकर सामने रखने लगे हैं.

यूपी में बीजेपी की जीत 1977 के बाद किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी जीत है. गोवा और और उत्तराखंड में भी बीजेपी को सकारात्मक नतीजे मिले हैं. मणिपुर में तो उसने पहली बार इतनी ज्यादा सीटें हासिल की हैं. इन नतीजों से उत्साहित बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "आने वाले दिनों में बीजेपी और राज्यों में भी जीतेगी. मोदीजी के नेतृत्व में 2019 के चुनावों में हम और बड़ी जीत हासिल करेंगे."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 2014 में विशाल बहुमत से केंद्र में सरकार बनाई थी. प्रधानमंत्री के आलोचक उनकी लगातार बढ़ती पकड़ को लेकर चिंतित नजर आते हैं. उनका कहना है कि कमजोर विपक्ष और मोदी की बढ़ती लोकप्रियता का नतीजा देश में कट्टर हिंदुवादी ताकतों के उभार के रूप में सामने आ सकता है.

यूपी और अन्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी के शानदार परफॉर्मेंस को मोदी के नोटबंदी के फैसले के प्रति लोगों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है. पिछले साल नवंबर में भारत सरकार ने 500 और 1000 रुपये के नोट बैन कर दिये थे. इस वजह से लोगों को खासी परेशानियां हुई थीं और बीजेपी विरोधी उम्मीद कर रहे थे कि चुनावों में लोगों की यह नाराजगी बीजेपी की हार के रूप में सामने आएगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसके उलट बीजेपी को यूपी में अभूतपूर्व बहुमत मिला है. इस जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं के हौसले बुलंद हैं और वे 2019 में और बड़ी जीत की ओर देखने लगे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव नतीजों पर बोलते हुए भाजपा मुख्यालय में कहा, "हमसे गलतियां हो सकती हैं लेकिन हम गलत भावना से कोई काम नहीं करेंगे." इसी भाषण में मोदी ने 2022 को लेकर अपनी योजनाओं के बारे में भी जनता को बताया. उन्होंने कहा कि 75वें स्वतंत्रता दिवस पर नया भारत बन चुका होगा. देशवासियों से एकता की अपील करते हुए उन्होंने कहा, "हमारे पास पांच साल हैं, सवा अरब के इस देश को आगे ले जाने के लिए. चुनाव नतीजों ने हमारी उस सपने के पूरा करने के लिए हिम्मत बढ़ाई है जो हमने 2022 के भारत के बारे में देखा है."

ऐसी ही और खबरों के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें.


Follow SBS Hindi

Download our apps

Watch on SBS

SBS Hindi News

Watch it onDemand

Stream now