COVID-19: सोशल डिस्टेंसिंग का नियम तोड़ने पर A$1000 जुर्माना

न्यू साउथ वेल्स में सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों का उल्लंघन करने पर जुर्माने और जेल का प्रावधान किया गया है. कोरोनावायरस महामारी के चलते उठाए गए सख्त कदमों के तहत यह ऐलान किया गया है.

Bondi Beach Coronavirus

Source: AAP

न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने ऐलान किया है कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ने वाले पर एक हजार डॉलर्स का जुर्माना लगाया जाएगा. अगर कोई संस्थान इन नियमों का उल्लंघन करता है तो उस पर जुर्माने की रकम 5000 डॉलर होगी. सजा में जेल का भी प्रावधान रखा गया है.


विशेषः

  • ऑस्ट्रेलियाभर में लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक लागू है.
  • न्यू साउथ वेल्स में कोविड-19 के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं.
  • गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2400 को पार कर गई है.

बुधवार को ये ऐलान करते हुए पुलिस मंत्री डेविड इलियट ने कहा कि 70 हजार नए अफसर पट्रोलिंग के लिए तैयार हैं. इसके अलावा जनता भी क्राइम स्टॉपर्स के जरिए नियम भंग करने वालों की सूचना दे रही है.

डेविड इलियट ने कहा, “इससे पहले कि वायरस हमें मारे, हम इसे मार देंगे.”

Melbourne reopens
Thousands of Melbournians back at work Source: AAP

राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोनावायरस के 190 नए मामले आने के बाद गुरुवार सुबह कुल मरीजों की संख्या 1200 को पार कर गई है.

पुलिस ने लोगों को नियम पालन करने की सख्त हिदायत दी है. एकांतवास का पालन करते पाए जाने पर छह महीने तक की जेल हो सकती है.

बीते कुछ दिनों में लोगों को कई जगह जमा होते देखा गया है. बीते सप्ताहांत पर हजारों लोग सिडनी के बोन्डाई और दूसरे बीचों पर मस्ती करते पाए गए थे. पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर बीच बंद कराया था.

न्यू साउथ वेल्स के पुलिस कमिश्नर माइक फुलर ने कहा कि यह ऐसा संकट है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया.

उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोग हिदायतों को गंभीरता से ले रहे हैं लेकिन नियमों के उल्लंघन की कुछ दर्जन शिकायतें मिली हैं.

गुरुवार को केंद्र सरकार ने कुछ नियमों में ढील का भी ऐलान किया है. जैसे बाल कटाने के लिए आधे घंटे की तय समयसीमा को रद्द कर दिया गया है. हालांकि बाल काटने वालों को सलाह दी गई है कि वे ग्राहक के साथ कम से कम संपर्क बनाने की कोशिश करें.

इसके अलावा, अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को लेकर भी ढील दी गई है. अब राज्य ज्यादा लोगों के अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत दे सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या नौ हो गई है. देश में संक्रमण के मामले 2400 को पार कर गए हैं.

ऑस्ट्रेलिया में लोगों को एक-दूसरे से डेढ़ मीटर की दूरी बनाकर रखनी है. चारदीवारी के भीतर चार वर्गमीटर में एक ही व्यक्ति होना चाहिए.

यदि आपको वायरस से संक्रमण का संदेह है तो अपने डॉक्टर को कॉल करें. अस्पताल जाने के बजाय फोन पर संपर्क करें. या फिर राष्ट्रीय कोरोनावायरस हेल्थ इन्फॉर्मेशन हॉटलाइन से 1800 020 080 पर संपर्क करें.

यदि आपको सांस लेने में तकलीफ हो रही है या कोई अन्य इमरजेंसी है तो 000 पर कॉल करें.

Tune into SBS Hindi at 5 pm every day and follow us on Facebook and Twitter


3 min read

Published

Updated

By SBS Hindi

Source: SBS



Share this with family and friends


Follow SBS Hindi

Download our apps

Watch on SBS

SBS Hindi News

Watch it onDemand

Watch now