SKIP TO MAIN CONTENT

OCI: फिर बदला नियम, साथ में मिली छह महीने की राहत

भारत सरकार ने ओवरसीज सिटिजन कार्ड के नियमों में छह महीने की राहत दे दी है.

OCI cards and Australian passports
OCI cards and Australian passports Source: SBS

3 min read

Published

By विवेक कुमार


Skip to article content

ऑस्ट्रेलिया के भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ मामलों में नए नियम 30 जून 2020 तक लागू नहीं होंगे.

विज्ञप्ति के अनुसार दो मामलों में 30 जून 2020 तक राहत मिल सकती हैः

1. ओसीआई कार्ड धारक की आयु 20 वर्ष से कम है और उसने पासपोर्ट बदलवाने के बाद नया कार्ड नहीं लिया है. ऐसे में वह मौजूदा ओसीआई कार्ड पर यात्रा कर सकता है. हालांकि उसके लिए पुराना पासपोर्ट और ओसीआई कार्ड दोनों उसे साथ रखने होंगे.

2. यदि ओसीआई कार्ड धारक ने 50 वर्ष की आयु पार कर ली है और नया पासपोर्ट भी बनवा लिया है लेकिन नया ओसीआई कार्ड नहीं बनवाया है. तब वह दोनों पासपोर्ट्स साथ लेकर पुराने ओसीआई कार्ड पर यात्रा कर सकता है.

हालांकि ओसीआई धारकों को नियमों के अनुरूप अपना ओसीआई कार्ड बनवा लेने की सलाह दी गई है.

अपनी विज्ञप्ति में भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि 2005 से ओसीआई के नियम लागू हैं जिनके मुताबिकः

1. 20 वर्ष तक की आयु तक नया पासपोर्ट बनवाने पर हर बार नया ओसीआई कार्ड लेना जरूरी है.

2. 50 वर्ष की आयु के बाद नया पासपोर्ट बनवाने पर नया ओसीआई कार्ड लेना होगा.

3. 21 से 50 वर्ष के बीच यदि नया पासपोर्ट बनवाया जाता है तब ओसीआई कार्ड लेने की जरूरत नहीं है.

पिछले कुछ हफ्तों से ओसीआई कार्ड को लेकर दुविधा की स्थिति है. अलग-अलग मंचों से जारी विभिन्न निर्देशों के चलते यह दुविधा पैदा हुई है.

एक दिन पहले ही कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने नए दिशा-निर्देश जारी किए थे जिनके मुताबिक 50 वर्ष की आयु पार करने के बाद हर सूरत में नया ओसीआई कार्ड बनवाना जरूरी बताया गया था. इस विज्ञप्ति में स्पष्ट कहा गया था कि 50 वर्ष पूरे होने के बाद नया ओसीआई कार्ड लेना होगा, भले ही नया पासपोर्ट बनवाया गया हो या नहीं.

OCI Card
Source: Screenshot of a tweet by the Indian High Commission

लेकिन एसबीएस को भेजे एक जवाब में भारतीय उच्चायोग ने स्पष्ट किया है कि नए निर्देश के मुताबिक नया पासपोर्ट लेने पर ही नया ओसीआई कार्ड लेना होगा.

एसबीएस को भेजी एक ईमेल में कांसलिर अजय श्रीवास्तव ने कहा, "50 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद नया पासपोर्ट पाने पर एक बार नया ओसीआई कार्ड लेना होगा."

हालांकि, भारत सरकार ने इस नियम में 30 जून 2020 तक की राहत दी है.

Tune into SBS Hindi at 5 pm every day and follow us on Facebook and Twitter

 


Follow SBS Hindi

Download our apps

Watch on SBS

SBS Hindi News

Watch it onDemand

Stream now