परंपरा तोड़ते हुए राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से की “अपना योगदान देने” की अपील

एक दुर्लभ राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ी ने ऑस्ट्रेलियावासियों को ईंधन की कमी से निपटने में सहयोग करने के तरीके बताए।

A close up shot of Anthony albanese in a black suit

The prime minister has delivered an address to the nation, calling for Australians to 'help each other' as petrol and diesel prices spike. Source: AAP / Mick Tsikas

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ी ने अपने पहले राष्ट्र के नाम संबोधन में मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण बने “अनिश्चित समय” के बीच ऑस्ट्रेलियावासियों से “अपना योगदान देने” की अपील की है।

ऐसे में जब स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के अवरुद्ध होने से आर्थिक असर और गहराता जा रहा है, यह तीन मिनट का संबोधन पहले से रिकॉर्ड किया गया था और बुधवार शाम 7 बजे पूरे देश में प्रसारित किया गया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने वैश्विक ईंधन आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं, जिससे कच्चे तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं और घबराहट में खरीदारी के कारण स्थानीय स्तर पर कमी देखी जा रही है, को “संकट” कहने से इनकार किया है।

प्रधानमंत्री का संबोधन देखें:

एंथनी अल्बनीज़ी ने इस कम इस्तेमाल किए जाने वाले संचार माध्यम के मामले में परंपरा तोड़ी है, जिसे आम तौर पर बड़े राष्ट्रीय घटनाक्रम, जैसे इराक़ युद्ध में भागीदारी की घोषणा के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

संबोधन की शुरुआत में उन्होंने कहा, “मेरे साथी ऑस्ट्रेलियावासियों, हम स्वभाव से एक आशावादी देश हैं। लेकिन मैं समझता हूं कि इस समय सकारात्मक बने रहना मुश्किल है।

"मध्य पूर्व में युद्ध के कारण पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में इतिहास की सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई है। ऑस्ट्रेलिया इस युद्ध में सक्रिय भागीदार नहीं है।

लेकिन इसके बावजूद, सभी ऑस्ट्रेलियावासी इसकी वजह से बढ़ी हुई कीमतें चुका रहे हैं।”

इस संबोधन में कोई नई घोषणा नहीं की गई, बल्कि पिछले दिनों किए गए फैसलों को ही दोहराया गया।

इनमें सोमवार को नेशनल कैबिनेट द्वारा अपनाई गई राष्ट्रीय ईंधन सुरक्षा योजना, तीन महीनों के लिए ईंधन उत्पाद शुल्क (फ्यूल एक्साइज़) में 26.3 सेंट प्रति लीटर की कटौती, और ट्रक चालकों के लिए भारी वाहन सड़क उपयोग शुल्क में कमी शामिल है।

उन्होंने ऑस्ट्रेलियावासियों को ईस्टर की छुट्टियों पर बाहर जाने की सलाह दी, लेकिन जहां संभव हो, ईंधन की बचत करने और आने वाले कठिन समय से निपटने के लिए “अपना योगदान देने” की अपील की।

“अगर आप सड़क पर निकल रहे हैं, तो ज़रूरत से ज़्यादा ईंधन न लें — जैसे सामान्य तौर पर भरवाते हैं, वैसे ही भरवाएं। अपने समुदाय, दूरदराज़ इलाकों (बुश) और ज़रूरी सेवाओं से जुड़े लोगों के बारे में भी सोचें।”

"आने वाले हफ़्तों में अगर आप काम पर जाने के लिए ट्रेन या ट्रैम का उपयोग कर सकते हैं, तो ज़रूर करें।"

उन्होंने माना कि आर्थिक झटके “कई महीनों तक हमारे साथ रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “मैं समझता हूं कि किसान, ट्रक चालक, छोटे व्यवसाय और परिवार इस समय कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।”

यह संबोधन पहले के राष्ट्रीय संबोधनों से स्पष्ट रूप से अलग है, खासकर जब पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने मार्च 2020 में कोविड-19 महामारी की शुरुआत में देश को संबोधित किया था।

SORRY CANBERRA KEVIN RUDD
In 2009, then-Prime Minister Kevin Rudd delivere a long-awaited apology, saying sorry for "profound grief, suffering and loss" inflicted on generations of indigenous men and women. Source: AAP / Alan Porritt

फरवरी 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड ने इसी माध्यम का उपयोग करते हुए स्टोलेन जेनेरेशंस से औपचारिक क्षमायाचना की थी।

वहीं, 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री जॉन हावर्ड ने देश को संबोधित कर यह घोषणा की थी कि ऑस्ट्रेलिया इराक़ युद्ध में शामिल होगा।

ऑस्ट्रेलिया इस समय चार-स्तरीय राष्ट्रीय ईंधन प्रतिक्रिया योजना के दूसरे स्तर पर है। सरकार लगातार जनता को भरोसा दिला रही है कि आपूर्ति स्थिर बनी हुई है, हालांकि मांग बढ़ने से कीमतों में उछाल आया है।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ी से गुरुवार को नेशनल प्रेस क्लब में देश की स्थिति और संभावित मंदी को लेकर और सवाल पूछे जाने की उम्मीद है।

 एसबीएस हिन्दी के सभी कार्यक्रम आप सुन सकते हैं शाम 5 बजे डिजिटल रेडियो, टीवी चैनल 305, एसबीएस ऑन डिमांड, या एसबीएस ऑडियो ऐप पर, या एसबीएस साउथ एशियन के यूट्यूब चैनल पर, या आप हमारी वेबसाइट से स्ट्रीम द्वारा हमें सुन सकतें है। आपको हमारे पॉडकास्ट एसबीएस हिन्दी पॉडकास्ट कलेक्शन पर भी मिल सकते हैं।


4 min read

Published

By Ewa Staszewska

Presented by Vrishali Jain

Source: SBS




Share this with family and friends


Follow SBS Hindi

Download our apps

Watch on SBS

SBS Hindi News

Watch it onDemand

Watch now