शानदार फॉर्म में चल रही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को धर्मशाला में खेले गए टी20 विश्वकप के सुपर-10 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
न्यूजीलैंड के आठ विकेट पर 142 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 134 रन ही बना पायी। इस तरह से न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड ने पहले मैच में भारत को हराया था।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ओपनर उस्मान ख्वाजा ने सबसे अधिक 38 रन बनाए। उनके अलावा मिशेल मार्श ने 24 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैक्लीनगन ने 3, मिशेल सेंटेनर और कोरे एंडरसन ने 2-2 व सोढ़ी ने 1 विकेट हासिल किया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड को मार्टिन गुपटिल (39) और कप्तान केन विलियमसन (24) ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने साथ मिलकर 61 रन ki जोड़ीदारी निभाई। जेम्स फॉल्कनर ने गुपटिल को पवेलियन भेज टीम को पहली सफलता दिलाई। गुपटिल कीवी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
इसके बाद कीवी टीम इस शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई और उसके विकेट गिरते रहे, जिससे टीम की बड़े स्कोर की उम्मीदें धराशायी हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से फॉल्कनर और मैक्सवेल को दो-दो विकेट मिले। शेन वाटसन और मार्श को एक-एक विकेट मिला। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
