69 साल की उम्र में, सुनील एबट 2011 में ऑस्ट्रेलिया आये थे। भारत में उन्हें व्यवसाय चलाने का अनुभव तो था लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सिस्टम और उसकी सेवाओं के काम करने के तरीके का कोई ज्ञान नहीं था। उन्होंने बिना झिझक और किसी डर के वयस्क शिक्षा के माध्यम से तकनीकी और व्यवसायिक कुशलता हासिल की।
अब वह मेलबर्न के दो व्यस्त रेस्तरां चलाते है, और अभी भी एक पेशेवर शेफ सम्बन्धित एक और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने वाले हैं।
अपने अनुभव से और बुजुर्ग प्रवासियों के सामने आती कठिनाइयों को देखते हुये उन्होंने कुछ सालों पहले पश्चिमी मेलबर्न में क्लब- 60 का गठन किया।
वह कहते हैं कि भारतीय-उपमहाद्वीप के बुजुर्ग माता-पिता को सामाजिक अलगाव से बचने के लिए एक दूसरे के सम्पर्क में रहना बहुत महत्वपूर्ण है।
“इसमें कोई शक नहीं कि बच्चों और पोते-पोतियों के साथ रहने से उन्हें खुशी मिलती है। लेकिन ज़्यादातर समय वे घर पर अकेले रह जाते हैं। इसलिए हमने इस क्लब को बनाया है और इसमें अब 500 से अधिक सदस्य हैं।'' श्री एबट ने कहा।
श्री एबट ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय और व्यस्त रखने के लिए उनके क्लब के कई कार्यक्रम हैं।
"सप्ताह में तीन दिन हमारे सदस्यों के लिये बेडमिन्टन क्लब का विकल्प है। हमारे ५० से भी अधिक सदस्य नियमित रूप से खेलते हैं। क्रिकेट का भी आयोजन होता है। हम विक्टोरिया के पर्यटक शहरों के लिए ट्रेन और बस यात्राएं भी आयोजित करते हैं। "
क्लब के सदस्य सभी तरह के त्योहार आदि भी उत्साह से मनाते हैं।
उन्होंने आगे कहा, "बुजुर्गों का स्वास्थ्य और सेहत की देखभाल महत्वपूर्ण है इसनिये समय समय पर हम विभिन्न बीमारियों आदि पर जानकारी सेशन करते हैं।"
क्लब 60 के सदस्य समय समय पर मुख्य धारा के कार्यक्रमों में भी भाग लेते हैं।
बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार एक सामाजिक समस्या है और इस विषय पर श्री एबट ने बताया कि वह अपने सदस्यों के परिवार वालों से भी बराबर सम्पर्क में रहते हैं। उनके बच्चों आदि से मिलते रहते हैं। उनके सदस्यों में किसी ऐसी समस्या की कोई रिपोर्ट नहीं है।
इसके साथ ही श्री सुनील एबट कहते हैं, " क्लब की वजह से सभी वरिष्ठ नागरिक न केवल सक्रिय और व्यस्त रहते हैं ब्लकि उन्हें बहुत ही खुशी मिलती है। उन्हें अकेलापन लहीं है। जब वह खुश हैं तो घर का माहौल अपनेआप खुशनुमा रहता है।"
***
हर दिन शाम 5 बजे एसबीएस हिंदी का कार्यक्रम सुनें और हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




