ऑस्ट्रेलिया में 13 देशों के साथ सक्रिय बच्चा गोद लेने की व्यवस्था है। आप एक आधिकारिक ऑस्ट्रेलियाई अंतर्देशीय गोद लेने के कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को गोद ले सकते हैं।
मुख्य बातें :
2019-20 में 334 बच्चे गोद लिए गए जिनमें से केवल 37 अंतर्देशीय बच्चे थे।
प्रवासी गोद लेने के कार्यक्रम में माता-पिता को कम से कम 12 महीने विदेश में रहने की आवश्यकता होती है।
2019 में, भारत-ऑस्ट्रेलिया अंतरदेश गोद लेने का कार्यक्रम फिर से शुरू किया गया था, लेकिन सिर्फ क्वींसलैंड और नॉर्थर्न टेरेटरी में।
अगर कुछ आंकड़ों पर नज़र डालें तो 2019-20 अडॉप्शन ऑस्ट्रेलिया रिपोर्ट से पता चलता है कि बीते साल 334 बच्चों को गोद लिया गया और इनमें से 37 बच्चे देश के बाहर से गोद लिए गए। आपको बता दें कि लगातार पंद्रह साल से देश के बाहर से गोद लिए बच्चों की संख्या में गिरावट आ रही है।
प्रक्रिया कैसे शुरू करें?
गोद लेने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए, आपको अपने राज्य और क्षेत्र के केंद्रीय प्राधिकरण या एसटीसीए से संपर्क करना होता है, जो आप से रुचि की अभिव्यक्ति जिसे एक्सप्रेशन ऑफ़ इंटरेस्ट भी कहा जाता है, उसे भरने या आपकी पात्रता के पूर्व-मूल्यांकन के लिए एक प्रश्नावली को पूरा करने के लिए कह सकता है।
आपका एसटीसीए आपको गोद लेने वाले निर्धारक के साथ साक्षात्कार में भाग लेने और स्वास्थ्य, पुलिस और रेफरी जांच करने के लिए भी कह सकता है।

सिंगल पेरेंट देब ब्रूक ने चीन से एक बच्चे को गोद लेने के लिए आवेदन किया था। उन्होनें इसके लिए एक लम्बा इंतज़ार करना पड़ा और लगभग एक दशक बाद वो सफलता पूर्वक बच्चा गोद ले पाईं। अब वह दूसरों की मदद के लिए फेसबुक पर एक सहायता समूह चलती हैं, जिसका नाम एडॉप्शन ऑस्ट्रेलिया है।
मैंने सुना है कि कुछ सालों में भी लोग बच्चा गोद लेने में सफल रहे हैं, लेकिन ऐसा बहुत कम हो पाता है
बीते सालों में, अंतर्देशीय गोद लेने का प्रतीक्षा समय बढ़ गया है क्योंकि कई भागीदार देश स्थानीय परिवारों को प्राथमिकता देते हैं। देब ब्रूक का कहना है कि इस प्रक्रिया में सबसे लंबा समय आपके आवेदन को स्वीकार करने में लगता है।

आपको बता दें कि हर राज्य और क्षेत्र में माता-पिता के लिए आवश्यकताओं का एक अलग सेट होता है, और उन्हें गोद लेने वाले विदेशी देश द्वारा निर्धारित पात्रता आवश्यकताओं को भी पूरा करना होता है।
अडॉप्शन ऑस्ट्रेलिया 2019-20 की रिपोर्ट से पता चलता है कि बच्चा गोद लेने वाले अधिकतर माता-पिता 40 से 44 साल के हैं।
यहाँ यह जानकारी देना ज़रूरी है कि एक बार जब बच्चा गोद ले लिया जाता है या गोद लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, तो आप अडॉप्शन वीज़ा सबक्लास 102 के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इमिग्रेशन एडवाइस एंड राइट्स सेंटर के प्रिंसिपल सॉलिसिटर, अली मोजतहेदी का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया में आने वाले सभी बच्चों को स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करना चाहिए।
यदि बच्चा स्वास्थ्य मानदंडों को पूरा करने में विफल रहता है और उसकी कोई विशेष ज़रूरतें हैं, तो कुछ आवश्यकताओं को माफ भी किया जा सकता है
ऑस्ट्रेलियाई नागरिक या विदेशों में रहने वाले स्थायी निवासी किसी विदेशी एजेंसी या सरकारी प्राधिकरण के माध्यम से भी बच्चा गोद ले सकते हैं।
इस विकल्प के साथ ऑस्ट्रेलियाई सरकार केवल वीज़ा आवेदन के समय दख़ल देती है।

सिडनी की रहने वाली श्रीनी लखानी, भारत से एक बच्चे को गोद लेने की कोशिश कर रही हैं।
हम भारत में अपने रिश्तेदारों से एक बच्चे को गोद लेना चाहते थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में नियमों के कारण यह प्रक्रिया नहीं चल पाई
मोजतहेदी बताते हैं कि 2010 में, फैडरल सरकार ने बाल-तस्करी की चिंताओं के कारण भारत के साथ अंतर-देश गोद लेने के कार्यक्रम को निलंबित कर दिया।
इमिग्रेशन एडवाइस एंड राइट्स सेंटर के प्रिंसिपल सॉलिसिटर, अली मोजतहेदी का कहना है कि 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत-ऑस्ट्रेलिया इंटरकंट्री एडॉप्शन प्रोग्राम को फिर से सक्रिय किया गया, लेकिन यह सभी राज्यों में उपलब्ध नहीं है।
यह केवल क्वींसलैंड और नॉर्थर्न टेरेटरी के लिए ही उपलब्ध है
ऑस्ट्रेलिया में, सभी विदेशी गोद लेने की प्रक्रिया को समझने के लिए Hague Convention on Protection of Children and Cooperation in Respect of Intercountry Adoption और Intercountry Adoption Australia. पर जाएं।




