आपके जनगणना (census) के जवाबों का आपके वीज़ा दर्जे, आपके बच्चे की शिक्षा या ऑस्ट्रेलिया में आपके अधिकारों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, ये जानकारी आपके समुदाय को बेहतर ढंग से समझने और उसकी ज़रूरतों के अनुसार सेवाओं की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
ऑस्ट्रेलिया की जनगणना देश में डेटा संग्रह का सबसे बड़ा अभियान है और इसे भरना हर व्यक्ति के लिए अनिवार्य है।
जनगणना के दौरान लोगों से उनकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, व्यक्तिगत विशेषताओं, आय, रोज़गारऔर आवास से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।
राष्ट्रीय जनगणना प्रवक्ता एमिली वॉल्टर ने SBS Examines से कहा: "व्यक्तियों की यही विशेषताएं मिलकर किसी समुदाय की समग्र तस्वीर तैयार करती हैं... खासकर सांस्कृतिक और भाषाई रूप से विविध समुदायों के लिए, जिससे स्थानीय स्तर पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का अवसर मिलता है।"
उन्होंने बताया कि लोगों से जुटाई गई जानकारी को मिलाकर समुदायों की समग्र तस्वीर तैयार की जाती है। इससे सरकारों और अन्य संस्थाओं को, विशेष रूप से सांस्कृतिक और भाषाई रूप से विविध समुदायों के लिए, आवश्यक स्थानीय सेवाओं की बेहतर योजना बनाने और उन्हें उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
जो लोग अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने को लेकर चिंतित हैं, उन्हें यह जानना चाहिए कि उनकी जानकारी कानून के तहत सुरक्षित रखी जाती है।
एमिली वॉल्टर ने कहा, "प्राइवेसी एक्ट और जनगणना एवं सांख्यिकी अधिनियम के गोपनीयता प्रावधान यह सुनिश्चित करते हैं कि हम किसी व्यक्ति या उसके परिवार की पहचान उजागर करने वाले तरीके से उनकी जानकारी साझा नहीं कर सकते।"
उन्होंने आगे कहा, "हम नाम और पते को कभी भी जनगणना के आंकड़ों के साथ नहीं रखते। यह जानकारी ऑस्ट्रेलियन ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (ABS) के पास सुरक्षित रहती है और इसे आव्रजन विभाग सहित किसी भी अन्य सरकारी विभाग के साथ साझा नहीं किया जाता।"
SBS Examines के इस एपिसोड में हमने ऑस्ट्रेलियन ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (ABS) से बातचीत की है, ताकि 2026 की आगामी जनगणना के बारे में अधिक जानकारी मिल सके और लोगों के जवाबों के इस्तेमाल को लेकर फैली गलतफहमियों और भ्रामक दावों को स्पष्ट किया जा सके।





