टूरिज़्म ऑस्ट्रेलिया प्रथम राष्ट्र पर्यटन में बढ़ रही दिलचस्पी को पहचानते हुए उन यात्रियों के लिए ख़ास पेशकश लाता है जो प्रामाणिक सांस्कृतिक अनुभव लेना चाहते हैं।
निकोल मिशेल 'डिस्कवर एबोरिजिनल एक्सपिरिएंसेस' (DAE) की मुख्य सचिव हैं। DAE टूरिज़्म ऑस्ट्रेलिया की एक इकाई है जो प्रथम राष्ट्र पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनायी गयी है।
"2023 की वार्षिकी में 969,000 अंतराष्ट्रीय पर्यटकों ने ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान इंडिजिनस पर्यटन अनुभवों में भाग लाया," वे बताती हैं।
"ख़ुशी की बात यह है कि 2019 से 2023 के बीच घरेलू यात्रियों की संख्या 22 प्रतिशत से बढ़ी है। इसका अर्थ यह है कि 11,85,000 घरेलू यात्रियों ने इंडिजिनस अनुभव यात्रा की।"
हर DAE इकाई का अनुभव एबोरिजिनल या टोरेस स्ट्रेट आइलैंडर लोगों द्वारा ही कराया जाता है।

अपनी कहानी आप कहेंगे
दूर दराज़ के उत्तरी क्वींसलैंड में कुलु यलांजी पुरुष हुआन वॉकर 'वॉकअबाउट कल्चर एडवेंचर्स' चलाते हैं।
"मुझे लगता है कि एबोरिजिनल संस्कृति और इतिहास के बारे में जानने का सबसे सही तरीका किसी एबोरिजिनल व्यक्ति से एबोरिजिनल पक्ष की कहानी सुनिए, ताकि जिस ज़मीन और समंदर पर आप यात्रा कर रहे हैं, उसके मर्म को समझ सकें," वे कहते हैं।
इस धरा पर रहने वाले सबसे प्राचीन संस्कृति के लोगों, जो इस क्षेत्र में समय की शुरआत से बसे हैं, से सीखने से बेहतर सीखने का कोई तरीका नहीं है।हुआन वॉकर, वॉकअबाउट कल्चर एडवेंचर्स
श्री वॉकर यात्रियों को पोर्ट डगलस के पास विशाल,135-मिलियन-साल पुराने डैनट्री रेनफॉरेस्ट की यात्रा पर ले जाते हैं।
वे इन यात्रियों के साथ अलग-अलग पारितंत्र (इकोसिस्टम), इतिहास, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों का ज्ञान साझा करते हैं, और यात्रियों को स्थानीय बुश भोजन भी चखने को प्रोत्साहित करते हैं।
भोजन यात्रियों को देश से परिचित कराने का एक सुंदर तरीका है।
बल्कि, इंडिजिनस खाद्य अनुभव लोकप्रिय यात्राओं के शीर्ष पर आते हैं क्योंकि बुश भोजन अपने अनोखे स्वाद और प्रयोगों के लिए निरंतर अधिक पहचान पा रहे हैं।

हमारी ज़मीन की कहानियों से परिचय
ऑस्ट्रेलिया की प्राकृतिक संपदा की यात्रा करने के अनगिन मार्ग हैं। आपको जल यात्राएं मिल जाएंगी, रमणीय उड़ानें मिलेंगी, 4WD सफारी यात्रा का विकल्प भी है, और इन यात्राओं में कैंपिंग से लेकर विलास आवासीय व्यवस्थाएं, सब उपलब्ध हैं।
हमारे राष्ट्रीय पार्कों में दुनिया के सबसे पुराने पत्थर पाए जाते हैं, जो करीब 20,000 साल पुराने हैं। इंडिजिनस गाइड आपको इन पत्थरों की सांस्कृतिक महत्ता भी समझा सकते हैं।
नॉर्दर्न टेरिटरी का काकडू नेशनल पार्क अपने पर्यावरणीय और सांस्कृतिक मूल्य के लिए वर्ल्ड-हेरिटेज सूची में शामिल है। यह उन स्थानों में से एक है जहाँ रॉक आर्ट के सबसे अधिक नमूने पाए जाते हैं।
अपने झरनों, वन संपदा, तैराकी तालाबों, और समुद्री किनारों के साथ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया का किम्बर्ली कई रॉक आर्ट गैलरियों का भी घर है।
दक्षिण पश्चिमी न्यू साउथ वेल्स में स्थित वर्ल्ड-हेरिटेज सूची में शामिल मुंगो नेशनल पार्क पुरातत्व और प्रेत कहानियों की साझी भूमि है। मुंगो झील एक प्राचीन शुष्क घाटी है जो विश्व की सबसे अहम पुरातत्व भूमि से एक है। यहां आप यात्रा, कैंप, या गाइड के साथ घूम सकते हैं।
गहन सांस्कृतिक अनुभव
सुश्री मिशेल बताती हैं कि यात्री इन सहभागी अनुभवों की कहानियों में डूब जाते हैं, खो जाते हैं।
आप एक आर्ट क्लास करते हुए, सिडनी के उत्तर में वारामी के रेत के टीलों पर क्वाड बाइक चलाते हुए भी संस्कृति को जान-समझ सकते हैं।निकोल मिशेल, 'डिस्कवर एबोरिजिनल एक्सपिरिएंसेस' (DAE)
हर अनुभव को गहरा बनाते हैं एबोरिजिनल गाइड जो देश को जिवंत कर आपको जीवन भर की यादें सौंप देते हैं।

पर्यटन से स्थानीय समुदाय का विकास
इंडिजिनस नेतृत्व में किये जा रहे इस पर्यटन से न केवल स्थानीय सनुदायों का आर्थिक विकास होता है बल्कि सांस्कृतिक सततता भी बनी रहती है।
सुश्री मिशेल समझाती हैं कि मरुकु आर्ट्स में मध्य ऑस्ट्रेलिया के दूर दराज़ के समुदायों के 900 कलाकार सम्मिलित हैं। स्थानीय लोग देश में रहते हुए अपनी कला बेच सकते हैं., सांस्कृतिक वर्कशॉप और टूर आयोजित कर सकते हैं, और रेगिस्तान के प्राचीन तौर-तरीकों को सबके साथ साझा कर सकते हैं।
डॉट पेंटिंग वर्कशॉप के बारे में बात करते हुए सुश्री मिशेल कहती हैं कि, "ये सभी स्थानीय पिचनचचारा भाषा में आयोजित किये जाते हैं, जिससे भाषा भी जीवित रखी जाती है।"
हुआन वॉकर कहते हैं कि उनके सांस्कृतिक टूर उन्हें उनके देश में रहते हुए यात्रियों को एबोरिजिनल इतिहास और उनके पारिवारिक इतिहास से परिचित कराने का मौका देते हैं।
"तो काम के लिए कहीं और जाने के बजाय, मैं इसके ज़रिये अपने परिवार के, समुदाय के, ज़मीन के पास रह पाता हूं। यह कमाई का एक बढ़िया जरिया है जिसमें मैं लोगों को अपनी विरासत के बारे में बताता हूं जिससे ज़ाहिर है कि लोगों में भूमि , समुद्र, और जलमार्गों के लिए आदर बढ़ता है।"

शहरी केंद्रों में संस्कृति
ऐसी आम धारणा है कि इंडिजिनस संस्कृति केवाल दूर दराज़ के इलाकों में ही मिलती है लेकिन आप हमारे शहरी केंद्रों में भी आप सुंदर सांस्कृतिक कहानियां पाएंगे।
बंजालंग पुरुष काइल आइवी प्रथम राष्ट्र कथावाचक के रूप में पर्यटकों को बुरावा एबोरिजिनल क्लाइंब एक्सपीरियंस के अंतर्गत सिडनी हार्बर ब्रिज के ऊपर ले जाते हैं। वे कहते हैं कि वे इस अनुभव को रीकन्सीलिएशन क्लाइंब के तौर पर बरतते हैं।
"जब हम ब्रिज पर चल रहे होते हैं, मैं पर्यटकों को रोक कर उन्हें ऐसी जगहें दिखाता हूँ जिनसे कहानी सुनाना आसान हो जाता है।"
इस क्लाइंब के दौरान वे लोगों को प्रथम राष्ट्र लोगों के अहम स्मारक स्थान दिखाते हैं। वे उन्हें बताते हैं कि कैसे उनके पूर्वज उन जगहों पर रहते थे और कैसे उनके साने उनका देश यूरोपियाई ताकतों के आने बाद बदल गयी।
वे ऐसा कर न केवल अपने लिए गौरवान्वित होते हैं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के 500 से अधिक विविध सांस्कृतिक समूहों के लिए भी गर्व महसूस करते हैं।
"यह मेरे लिए याददाश्त बनाये रखने का एक अच्छा तरीका है। मैं चाहता हूँ कि और प्रयास करूं, और खोजूं, और लोगों को इससे जोडूं, और इस प्रक्रिया में पूरी कोशिश करता हूं कि मैं लोगों के नाम गलत न लूं।"
मेलबर्न के बीचोंबीच आप यारा नदी के किनारे बिरारंग विलियम वॉक पर एबोरिजिनल कला की प्रदर्शनी का गाइडेड टूर भी ले सकते हैं।
इस टूर पर आप सुन सकेंगे कैसे समय के साथ कुलिन लोगों के लिए भूमि और उसकी अहमियत बदली है।
यालिन्गुथ, एक और ऐसा ही एबोरिजिनल पर्यटन अनुभव है जो मेलबर्न में लिया जा सकता है। एक वॉक यारा नदी के किनारे और एक वॉक फिट्ज़रॉय में उपलब्ध है।
और तस्मानिया में आप एबोरिजिनल टूर का लुत्फ़ निपालुना/होबार्ट में उठा सकते हैं। 90 मिनट की यह प्रर्दशनी और वॉक आपको स्थानीय पलावा लोगों की उदास लेकिन प्रभावित करने वालों कहानी सुनाएगी।

प्रथम राष्ट्र पर्यटन से रीकन्सीलिएशन
निकोल मिशेल कहती हैं कि ऐसे इंडिजिनस अनुभवों से दोनों ही प्रथम राष्ट्र और गैर-एबोरिजिनल लोग एक दूसरे के साथ सांस्कृतिक ज्ञान साझा करते हैं।
वे कहती हैं, "यह रीकन्सीलिएशन के लिए एक मज़बूत प्रेरणा है।"
"लोग ऑस्ट्रेलिया की अलग-अलग संस्कृतियों के बारे में जान रहे हैं। आप समुदाय के लिए भी उनकी कहानियां कहने की जगह बना रहे हैं। मुझसे एक गाइड ने कहा था, 'संस्कृति को ज़िंदा रखने के लिए संस्कृति को साझा करना ज़रूरी है।'"
अधिक जानने के लिए Discover Aboriginal Experiences पर जाएं।
हमसे जुड़िये जब आप चाहें एसबीएस हिन्दी पॉडकास्ट कलेक्शन, एसबीएस ऑडियो ऐप, एसबीएस साउथ एशियन के यूट्यूब चैनल, फेसबुक या इंस्टाग्राम पर। आप हमें लाइव सुन सकतें हैं हर शाम 5 बजे डिजिटल रेडियो, टीवी चैनल 305, एसबीएस ऑन डिमांड, या हमारी वेबसाइट पर भी।






