सीरिया से लौटे 32 महिलाओं और बच्चों, जिनका कथित संबंध आईएस समूह से रहा है, को लेकर सामुदायिक सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही, जोखिम वाले व्यक्तियों के लिए काउंटरिंग वायलेंट एक्स्ट्रीमिज़्म (CVE) कार्यक्रमों में अनिवार्य भागीदारी को लेकर भी चर्चा तेज़ हो गई है।
हिंसक उग्रवाद और आतंकवाद की रोकथाम के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था फ्रेनेसिस कंसल्टिंग एंड ट्रेनिंग की प्रमुख सलाहकार पीटा लो ने एसबीएस एग्ज़ैमिन्स से कहा कि समुदाय की चिंताओं को समझा जा सकता है।
उन्होंने कहा, "लेकिन यह भी ज़रूरी है कि इस चर्चा को व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाए। यह समझा जाए कि जोखिमों से निपटने के लिए कौन-सी व्यवस्थाएं मौजूद हैं और वास्तव में ये लोग कितना खतरा पैदा करते हैं।"
"फिलहाल यह मुद्दा राजनीतिक रंग ले चुका है, लेकिन यह पहला अवसर नहीं है जब ऐसे लोग ऑस्ट्रेलिया लौटे हैं। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि हम पहले भी ऐसी परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं और उनसे निपट चुके हैं।"
गृह मामलों के विभाग में काउंटरिंग वायलेंट एक्स्ट्रीमिज़्म के सहायक सचिव अलेक्ज़ेंडर गोल्डी ने एसबीएस एग्ज़ैमिन्स को बताया कि उग्रवाद के जोखिम वाले लोगों के लिए किस तरह की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा, "हम यह आकलन करते हैं कि किसी व्यक्ति को किस तरह की मदद की आवश्यकता है, चाहे वह परामर्श हो, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, आवास, शिक्षा या रोजगार। इसके बाद उस व्यक्ति के लिए एक व्यक्तिगत योजना तैयार की जाती है और उसे आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वह फिर से सही दिशा में आगे बढ़ सके।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारा उद्देश्य लोगों के व्यवहार को समस्याग्रस्त गतिविधियों और प्रवृत्तियों से दूर ले जाकर अधिक सकारात्मक और स्वस्थ दिशा की ओर मोड़ना है।"
इस एसबीएस एग्ज़ैमिन्स एपिसोड में हम जानेंगे कि काउंटरिंग वायलेंट एक्स्ट्रीमिज़्म (CVE) आखिर है क्या, और ऑस्ट्रेलिया में इसे किस तरह लागू किया जाता है।
एसबीएस हिन्दी के सभी कार्यक्रम आप सुन सकते हैं शाम 5 बजे डिजिटल रेडियो, टीवी चैनल 305, एसबीएस ऑन डिमांड, या एसबीएस ऑडियो ऐप पर, या एसबीएस साउथ एशियन के यूट्यूब चैनल पर, या आप हमारी वेबसाइट से स्ट्रीम द्वारा हमें सुन सकतें है। आपको हमारे पॉडकास्ट एसबीएस हिन्दी पॉडकास्ट कलेक्शन पर भी मिल सकते हैं।



