मुख्य बिंदु
- क्रिसमस का उत्सव आम तौर पर 25 दिसंबर को दोपहर के खाने के साथ मनाया जाता है।
- क्रिसमस का त्योहार स्कूली छुटियों के दौरान आता है जिससे परिवार मिलकर घर के बाहर की गतिविधियों में भाग ले सकते हैं।
- कई ऑस्ट्रेलियाई अगले दिन बॉक्सिंग डे क्रिकेट टेस्ट मैच और बार्बिक्यू के साथ उत्सव मनाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में कुछ यूरोपियाई क्रिसमस के रीति-रिवाज़ भले ही माने जाते हैं, लेकिन कुछ परम्पराएं ऑस्ट्रेलिया की अपनी भी हैं।
क्रिसमस ईसाई धर्म का बड़ा त्योहार है। भारत में इसे बड़े दिन की छुट्टी भी कहा जाता है। यह जीसस क्राइस्ट के जन्म का उत्सव है। हर साल क्रिसमस 25 दिसंबर को मनाया जाता है।
जहां कई ऑस्ट्रेलियाई लोग क्रिसमस को एक धार्मिक त्योहार के रूप में मनाते हैं, वहीं कुछ इसे सगे-संबंधियों से मिलने, उपहार लेने-देने, और उत्सव मनाने के एक अच्छे मौके के रूप में देखते हैं।
प्रख्यात ऑस्ट्रेलियाई 'क्रिसमस बुश' एक स्थानीय पौधा है जिसमें चटक लाल फूल खिलते हैं। स्थानीय परंपरा के अनुसार इस पौधे को सजावट और कैरल्स में शामिल किया जाता है, जो गर्म मौसम में एक अनोखा छुट्टियों का अनुभव बना देता है।
क्रिसमस भोजन
ऑस्ट्रेलिया में क्रिसमस का उत्सव 25 दिसंबर को दोपहर के खाने के साथ मनाया जाता है। यह आम तौर पर एक अनौपचारिक आयोजन होता है।
एसबीएस फ़ूड की प्रबंधक निदेशक फ़ारह सेलिओ कहती हैं क्रिसमस लंच के कुछ पकवान ऐसे होते हैं जो परंपरागत हैं।
"स्नैकिंग बोर्ड, ढेर सारा सीफ़ूड, क्रिसमस हैम, क्रिसमस पुडिंग, तिरामिसू, ट्राइफ़ल, पावलोवा जैसे पकवान क्रिसमस पर होते ही हैं। इसके अलावा ताज़ा फल, जैसे चेरी, आम, आड़ू, और दूसरे बीज वाले फ़ल आपको क्रिसमस टेबल पर देखने मिल सकते हैं," वे कहती हैं।
वे आगे कहती हैं कि ऑस्ट्रेलिया बहुसांस्कृतिक है, इसलिए यहां त्योहार मनाने के कई तरीके हैं और खाने की परम्पराएं भी घुलमिल सकती हैं।

"क्रिसमस के दिन मैं मलेशियाई लाक्सा भी खा सकती हूं। सीफ़ूड भरपूर हो, और मीठे में आइसक्रीम केक या पैनेटोने जैसा कुछ रहे। पैनेटोने तो मैं बहुत शौक से खा सकती हूं। सर्बिया या बाल्कन देशों में सीफ़ूड का सूप भी पिया जाता है, तो अगर मुझे वह परोसा जाता है, तो मैं ख़ुशी-ख़ुशी पी सकती हूं," वे कहती हैं।
आप पाएंगे कि यह आम बात है कि मेज़बान आपसे अपने साथ कुछ बना कर लाने का आग्रह करें। सुश्री सेलियो सुझाती हैं कि आप कुछ ऐसा ले जाएं जो आप आसानी से बना लें।
हालांकि उनके अपने परिवार में क्रिसमस नहीं मनाया जाता था, वे अपने दोस्तों के परिवारों के साथ यह त्योहार मनाते हुए बड़ी हुई हैं। वे हमेशा अपने प्रिय बोस्नियाई मिष्ठान साथ लेकर जाय करती थीं।
"क्रिसमस का दिन मैं अपनी सखियों और उनके परिवारों के साथ मनाया करती थी। उनके ग्रीक और इतालवी परिवार भरपूर भोज बनाते थे और हम बहुत आनंद से साथ खाते थे। मैं हमेशा मीठा साथ लेकर जाती थी। मैं हमेशा परंपरागत बोस्नियाई मीठा ही बनाती थी। उदाहरण के तौर पर, जैम शॉर्टब्रेड, जैसे स्कोन शॉर्टब्रेड, जिसमें हम स्कोन बनाने के आटे में प्लम जैम भर कर शक़्कर बुरकते थे," सुश्री सेलिओ कहती हैं।

बाहर समय बिताना
ऑस्ट्रेलिया की गर्मी के मौसम में क्रिसमस के दौरान स्कूलों की छुट्टियां रहती हैं। लोग इस मौसम का लुत्फ़ परिवार के साथ बाहर उठा सकते हैं। समुद्र में तैराकी, घर के अहाते में लंच, या स्थानीय पार्क में जाना ऑस्ट्रेलियाई परिवारों में आम है।
बॉक्सिंग डे की परंपरा
25 दिसंबर को उपहार के आदान-प्रदान और लंच के बाद, कई ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सिंग डे पर बार्बिक्यू करते हैं और राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को दूसरे देश के साथ टेस्ट मैच खेलते हुए देखना पसंद करते हैं।
ब्रिस्बेन में जन्में लूक बारबागेलो कहते हैं कि वे हमेशा बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच देखने जाते हैं।
"बड़े होते हुए, क्रिकेट हमारे जीवन का एक बड़ा हिस्सा था। '90 और 2000 के दशक में ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम बहुत ज़ोरदार थी, तो क्रिसमस का समय और भी उत्साहपूर्ण बीतता था। पहले क्रिसमस का दिन होता था और फिर बॉक्सिंग डे क्रिकेट मैच देखा जाता था," वे याद करते हैं।
"हमें हमेशा लगता था कि ऑस्ट्रेलिया ही जीतेगी, उस सम्बन्ध में सकारात्मकता बनी रहती थी। बॉक्सिंग डे टेस्ट क्रिकेट का एक वो खेल है जो मैं हर साल देखता ही हूं," श्री बारबागेलो साझा करते हैं।

अपनी क्रिसमस परम्पराएं बनाएं
अडवेंट कैलेंडर हो, या अर्धरात्रि का चर्च मास हो या कैरल्स या क्रिसमस ट्री सजाने की प्रथा: क्रिसमस से जुड़े कई रिवाज़ हैं।
क्रिसमस मनाने के कई तरीके भी हैं, फिर चाहे आप धार्मिक हों या न हों। आप अपनी परंपराएं चुन सकते हैं और उनमें अपने नए तरीके भी मिला सकते हैं।









