Key Points
- महिलाओं को पुरुषों के मुकाबले अलग-अलग कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिसमें काम की जगह पर भेदभाव, पारिवारिक हिंसा और पैसे की असमानता शामिल है।
- महिलाओं की कानूनी सेवाएं सुरक्षा और गोपनीयता को प्राथमिकता देती हैं।
- देश भर में पात्रता योग्य महिलाओं के लिए फ़्री सर्विस उपलब्ध हैं।
- स्पेशलाइज़्ड सर्विसेज़ प्रवासी और रिफ्यूजी पृष्टभूमि की महिलाओं और फर्स्ट नेशंस की महिलाओं की मदद कर सकती हैं।
- क्या महिलाओं को विशेष कानूनी सहायता की आवश्यकता है?
- पारिवारिक हिंसा के मामलों में मदद कौन कर सकता है?
- कार्यस्थल से जुड़े अधिकारों में कौन मदद कर सकता है?
- क्या प्रवासी और शरणार्थी महिलाओं के लिए विशेष कानूनी सेवाएं उपलब्ध हैं?
- क्या भाषा से जुड़ी सहायता मिल सकती है?
- शुरुआत करने के लिए संपर्क सूत्र
ऑस्ट्रेलिया की कानूनी व्यवस्था को समझना और उसमें आगे बढ़ना अधिकांश लोगों के लिए कठिन होता है। महिलाओं के लिए ये चुनौतियां और भी बढ़ जाती हैं। महिलाओं को न केवल कानूनी सहायता की अधिक आवश्यकता होती है, बल्कि उसे प्राप्त करने में उन्हें अतिरिक्त बाधाओं का भी सामना करना पड़ता है।
इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए, विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाई गई कानूनी सेवाएं यह सुनिश्चित करती हैं कि जरूरत के समय उन्हें सही सहायता मिल सके।
क्या महिलाओं को विशेष कानूनी सहायता की आवश्यकता है?
एड्रियन वॉल्टर्स विमेंस लीगल सर्विसेज़ ऑस्ट्रेलिया की एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। वे कहती हैं कि महिलाओं को पुरुषों की तुलना में अलग तरह की कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
“और इसका कारण है वह हिंसा और भेदभाव, जिसका सामना हमें अपने जीवन में अधिक करना पड़ता है। महिलाओं को घरेलू, पारिवारिक और यौन हिंसा का सामना अधिक करना पड़ता है। हम बच्चों की मुख्य देखभाल करने वाली भी अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। हमारी आय कम होती है, और हमारे पास संपत्ति भी कम होने की संभावना अधिक होती है।”
अगर आपको कोई कानूनी समस्या है और आप वकील का खर्च वहन नहीं कर सकते, तो आपके राज्य या क्षेत्र में मौजूद विमेंस लीगल सर्विस Women’s Legal Service ट्रॉमा-इन्फॉर्म्ड और जेंडर-फोकस्ड सेवाएं प्रदान करती है।
अगर वे आपकी मदद नहीं कर पातीं, तो वे आपको दूसरी उपयुक्त सेवाओं की ओर का भी मार्गदर्शन करेंगी।

पारिवारिक हिंसा के मामलों में कौन मदद कर सकता है?
विमेंस लीगल सर्विस अपॉइंटमेंट की सुविधा देती है और पारिवारिक हिंसा से जुड़े आदेशों (फैमिली वायलेंस ऑर्डर्स) और फैमिली लॉ विवादों जैसे मामलों में आपके साथ कोर्ट में वकील की व्यवस्था भी कर सकती है। दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाली महिलाएं ऑनलाइन सहायता भी प्राप्त कर सकती हैं।
यह सेवा निःशुल्क है और विभिन्न मुद्दों पर सुरक्षित और गोपनीय सहायता सुनिश्चित करती है।
“आमतौर पर हम फैमिली लॉ से जुड़े मामलों, पारिवारिक हिंसा, यौन हिंसा के मामलों में प्रतिक्रिया और बाल संरक्षण पर विशेषज्ञता रखते हैं,” वॉल्टर्स बताती हैं। “लेकिन हमारी कई सेवाओं में विशेष इमिग्रेशन कार्यक्रम भी शामिल हैं।”
हम अस्थायी वीज़ा पर रह रही उन महिलाओं की मदद कर रहे हैं जो हिंसा से बाहर निकलने की कोशिश कर रही हैं, ताकि वे जटिल इमिग्रेशन, फैमिली लॉ और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनी सिस्टम को समझकर सही रास्ता चुन सकें।Adrianne Walters
कई सहायता कर्मी प्रथम राष्ट्र समुदायों के लिए विशेष सेवाएं और रोजगार से जुड़े मुद्दों में भी सहायता प्रदान कर सकते हैं।
कार्यस्थल से जुड़े अधिकारों में कौन मदद कर सकता है?
काम के दौरान जब कुछ गलत होता है, तो रोजगार से जुड़े अधिकारों को समझना एक कानूनी भूलभुलैया जैसा लग सकता है। लेकिन कार्यस्थल पर महिलाओं की मदद के लिए विशेष सेवाएं उपलब्ध हैं।
ऑस्ट्रेलिया भर में वर्किंग विमेंस सेंटर (WWC) संचालित होते हैं, जो निःशुल्क और गोपनीय कानूनी सलाह प्रदान करते हैं। यदि आप कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, भेदभाव या अनुचित बर्खास्तगी का सामना कर रही हैं, तो आपका स्थानीय WWC आपको आपके अधिकारों और विकल्पों को समझने में मदद कर सकता है।

आयरा फ़िरदौस, वर्किंग विमेंस सेंटर ऑस्ट्रेलिया में एडवोकेसी और पॉलिसी ऑफिसर हैं। वे कहती हैं कि महिलाओं के अलग कार्यस्थल अनुभवों के कारण जेंडर-आधारित दृष्टिकोण आवश्यक है।
“वर्किंग विमेंस सेंटर का उद्देश्य उन महिलाओं और नॉन-बाइनरी कामगारों के लिए सुरक्षा कवच बनना है, जो किसी यूनियन से नहीं जुड़ी हैं और जिन्हें कानूनी सलाह पाने का अवसर नहीं मिला है।”
वह कहती हैं कि जब आप एक प्रवासी, शरणार्थी या प्रथम राष्ट्र समुदाय से आने वाले कामगार होते हैं, तो रोजगार से जुड़े मुद्दे और अधिक जटिल हो सकते हैं।
“केंद्रों में आने वाली कई महिलाएं बहुत कम वेतन वाले, अस्थिर उद्योगों और गैर-यूनियन कार्यस्थलों से आती हैं। जो समस्याएं वे हमारे साथ साझा करती हैं, वे अक्सर बहुत जटिल होती हैं और वह कोई अलग-थलग मुद्दे नहीं होते।”
एक महिला जो हमारे केंद्र पर यौन उत्पीड़न की शिकायत लेकर आती है, हो सकता है कि उसी मुद्दे पर आवाज उठाने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया हो, या उसे वेतन से जुड़ी धोखाधड़ी यानी पूरा हक़ न मिलने का भी सामना करना पड़ा हो।Aira Firdaus
आपका स्थानीय WWC आपको आवास और सामाजिक सेवाओं जैसे अन्य सहयोग से भी जोड़ सकता है।
क्या प्रवासी और शरणार्थी महिलाओं के लिए विशेष कानूनी सेवाएं उपलब्ध हैं?
प्रवासी और शरणार्थी पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाओं को अक्सर मदद तक पहुंचने में अतिरिक्त चुनौतियों जैसे वीज़ा से जुड़ी असुरक्षा, आर्थिक दबाव या पारिवारिक हिंसा का सामना करना पड़ता है।
वॉल्टर्स कहती हैं कि ऑस्ट्रेलिया भर में विमेंस लीगल सर्विस केंद्र मौजूद हैं, जो माइग्रेशन सिस्टम को समझने और उसमें मार्गदर्शन करने में मदद करते हैं।
“ये सेवाएं खास तौर पर उन महिलाओं के साथ काम करती हैं जो अस्थायी वीज़ा पर हैं, हिंसा का सामना कर रही हैं, और जिन्हें वीज़ा प्रक्रिया के साथ-साथ फैमिली लॉ और अन्य कानूनी मामलों में मदद की ज़रूरत होती है, ताकि वे सुरक्षित रूप से एक हिंसक रिश्ते से बाहर निकल सकें।”
इनटच विमेंस लीगल सेंटर ( inTouch Women’s Legal Centre) को कॉमनवेल्थ और विक्टोरियन सरकारों द्वारा वित्तपोषित किया जाता है। यह एक सामुदायिक कानूनी सेवा है जो विशेष रूप से विक्टोरिया में रहने वाली प्रवासी और शरणार्थी महिलाओं को सहायता प्रदान करती है।
प्रिंसिपल वकील आयला सिस्कोविच कहती हैं, “प्रवासी और शरणार्थी महिलाओं के लिए एक बड़ी बाधा ऑस्ट्रेलियाई कानूनी व्यवस्था की समझ की कमी है और यह कि हमारी सरकारी एजेंसियां और सिस्टम कैसे काम करते हैं।”
"और यह आश्चर्यजनक नहीं है, क्योंकि हमारे एक-तिहाई क्लाइंट्स देश में पांच साल से भी कम समय से हैं।”
इसके साथ भाषा की बाधा भी जुड़ जाती है, जिससे कानूनी प्रतिनिधित्व ढूंढना और कठिन हो जाता है, और इसका परिणाम महिलाओं और उनके बच्चों के लिए खराब नतीजों के रूप में सामने आता है।

सिस्कोविच कहती हैं कि इनटच विमेंस लीगल सेंटर पारिवारिक हिंसा, फैमिली लॉ और माइग्रेशन से जुड़े मामलों में मुफ्त, आपकी भाषा में और सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त कानूनी सलाह और प्रतिनिधित्व प्रदान करता है।
“हम ऑस्ट्रेलिया में उन शुरुआती बहु-विषयक सेवाओं में से एक हैं, जो पारिवारिक हिंसा के मामलों में इस तरह की समावेशी सहायता प्रदान करती हैं।”
यदि आप विक्टोरिया में रहते हैं, तो यह जानने के लिए inTouch से संपर्क करें कि आप सहायता के लिए पात्र हैं या नहीं।
क्या भाषा से जुड़ी सहायता मिल सकती है?
वॉल्टर्स कहती हैं कि विमेंस लीगल सर्विसेज़ के वकील उन महिलाओं की मदद करने के लिए भी तैयार हैं जिन्हें भाषा से जुड़ी बाधाओं का सामना करना पड़ता है।
“आप अपनी अपॉइंटमेंट के लिए या कोर्ट में सहायता के लिए दुभाषिए (इंटरप्रेटर) की मांग कर सकते हैं। और यदि आपको लीगल एड मिल रहा है या आपके पास दुभाषिए के लिए आय नहीं है, तो अक्सर ऐसे तरीके होते हैं जिनसे आप यह सेवा मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं।”
शुरुआत करने के लिए संपर्क सूत्र
Women's Legal Services (state या territory)
Working Women's Centre Australia (state या territory) या सूचि में लिखा phone 1800 नम्बर
inTouch Women’s Legal Centre (Victoria only) या phone 1800 755 988
क्षेत्रीय और दूरस्थ क्षेत्र
सहायता व्यक्तिगत रूप से, ऑनलाइन या फोन के माध्यम से उपलब्ध है। इसके लिए आप अपने क्षेत्र के कम्युनिटी लीगल सेंटर या लीगल एड कमिशन से संपर्क कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में अपनी नये जीवन में बसने के बारे में उपयोगी जानकारी और टिप्स के लिए ऑस्ट्रेलिया एक्सप्लेंड पॉडकास्ट को सब्सक्राइब करें या फ़ॉलो करें।
क्या आपके कोई सवाल या विषय हैं? ईमेल करेंaustraliaexplained@sbs.com.au









